सोमवार तक बकाया जलकर जमा करने की चेतावनी, भुगतान नहीं करने पर शेष बकायादारों के भी काटे जाएंगे नल कनेक्शन
जरहागांव/मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव ने लंबे समय से बकाया जलकर का भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को नगर पंचायत की टीम द्वारा जलकर का भुगतान नहीं करने वाले बकायादारों के घरों में पहुंचकर नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर पंचायत जरहागांव के जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।

नगर पंचायत द्वारा लगातार बकाया जलकर जमा करने के लिए संबंधित करदाताओं को प्रेरित एवं सूचित किया जा रहा था। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं द्वारा निर्धारित समय पर बकाया राशि जमा नहीं किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन को नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई करनी पड़ी। शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने चिन्हित बकायादारों के यहां पहुंचकर नियमानुसार नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल कुछ बकायादारों तक सीमित नहीं रहेगी। जिन उपभोक्ताओं का जलकर अभी भी बकाया है, उन्हें मुनादी के माध्यम से अंतिम रूप से सचेत किया जा रहा है। नगर क्षेत्र में मुनादी कराकर बकायादारों से सोमवार तक अनिवार्य रूप से बकाया जलकर जमा करने की अपील की जा रही है।
नगर पंचायत ने शेष बकायादारों को सोमवार तक बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया है। निर्धारित समय तक जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के घरों के नल कनेक्शन भी विच्छेदित किए जाएंगे। नगर पंचायत की ओर से लोगों से कहा गया है कि वे असुविधा एवं कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते अपने बकाया जलकर का भुगतान कर दें। बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिकों को नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जलकर की राशि का समय पर जमा होना आवश्यक है। लंबे समय तक करों का भुगतान नहीं होने से नगरीय निकाय के राजस्व पर भी प्रभाव पड़ता है। ऐसे में नगर पंचायत द्वारा बकाया करों की वसूली को लेकर अभियान चलाते हुए अब सख्ती बरती जा रही है।
विशेष बात यह रही कि जलकर वसूली एवं नल कनेक्शन विच्छेदित करने की इस कार्रवाई में नगर पंचायत जरहागांव के जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही। जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों से नगर पंचायत के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए निर्धारित करों का समय पर भुगतान करने की अपील की। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि बकायादारों को भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है और मुनादी के माध्यम से भी उन्हें जानकारी दी जा रही है। इसके बाद भी यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर बकाया जलकर जमा नहीं किया जाता है तो संबंधित उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर पंचायत ने नागरिकों से अपील की है कि जिनका भी जलकर बकाया है, वे सोमवार तक बकाया राशि जमा कर रसीद प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें नल कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई और पेयजल संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
