➡️ शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में 305 विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नवीन कानूनों एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक।

➡️ साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग करने की दी गई जानकारी।

—-000—
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान ‘पहल—बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के तहत मुंगेली पुलिस द्वारा जिले के ग्रामीण एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
वनांचल ग्राम मौहामाचा में महिलाओं को किया गया जागरूक
अभियान “पहल” के अंतर्गत लोरमी (खुड़िया) क्षेत्र के वनांचल ग्राम मौहामाचा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 60 ग्रामीण महिलाओं को साइबर अपराधों एवं बैंक खातों से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया गया, महिलाओं को बताया गया कि साइबर ठग विभिन्न तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। इससे बचने के लिए अपने बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखना आवश्यक है, महिलाओं को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण एवं अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही, साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने एवं आपातकालीन स्थिति में डायल 112 की सहायता लेने की जानकारी दी गई।

शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में 305 विद्यार्थियों को दी गई जानकारी
इसी क्रम में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोना में अभियान ‘पहल’ के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, नवीन कानूनों एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने भी अपने मन में उठ रहे सवालों को प्रश्नों के माध्यम से साझा किया, जिनका समाधान कर उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से कुल 305 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नवीन कानूनों एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान “पहल” के माध्यम से आम नागरिकों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
