उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल से ग्रामीणों और किसानों को मिलेगी बिजली समस्या से राहत
लोरमी, 28 अक्टूबर। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोड़तराकला में जल्द ही नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया जाएगा।

विधायक एवं छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए शासन ने विद्युत उपकेंद्र और उससे जुड़ी विद्युत लाइनों के निर्माण के लिए 265.14 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बोड़तराकला क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से नए विद्युत उपकेंद्र की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इस मांग पर तत्काल संज्ञान लिया गया और सरकार ने इसके लिए स्वीकृति प्रदान की है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और आम नागरिकों के हितों के लिए काम करने वाली संवेदनशील सरकार है। सरकार केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में विश्वास करती है। क्षेत्र के लोगों ने जो भरोसा जताया है, उसी के परिणामस्वरूप विकास कार्यों को गति मिल रही है। आने वाले समय में भी क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्य लगातार किए जाएंगे।
2.65 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोड़तराकला में 33/11 केवी क्षमता के नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के तहत 8.50 किलोमीटर लंबी 33 केवी विद्युत लाइन और 4 किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही पीसीसी पोल सहित आवश्यक विद्युत अधोसंरचना विकसित की जाएगी।
इस परियोजना में डॉग कंडक्टर के माध्यम से विद्युत लाइन निर्माण तथा उपकेंद्र से संबंधित आवश्यक सामग्री और तकनीकी कार्य शामिल हैं। कुल 265.14 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
किसानों और ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
बोड़तराकला में नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में बिजली से संबंधित समस्याओं का सामना करने वाले ग्रामीणों को इससे राहत मिल सकती है। वहीं, किसानों को कृषि कार्यों के लिए बिजली उपलब्धता में सुधार होने से लाभ मिलने की संभावना है।
नए उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण अंचल में विकास कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने जताया आभार
ग्राम बोड़तराकला में नए विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति मिलने पर जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्युत उपकेंद्र की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसकी स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होकर समय पर पूरा होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी। नए विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति को ग्रामीण अंचल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
