पगमार्क मिलने के बाद वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, कैमरा ट्रैप लगाए; ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र अंतर्गत खुड़िया रेंज के कारीडोंगरी जंगल में बाघिन की मौजूदगी के संकेत मिलने से वन विभाग सतर्क हो गया है। जंगल में बाघिन के पगमार्क मिलने के साथ ही दो चीतलों के शिकार के अवशेष भी पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट जारी कर निगरानी और गश्त बढ़ा दी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम कारीडोंगरी परिसर में पेट्रोलिंग कर रहे वन कर्मचारियों को बाघिन के पगमार्क दिखाई दिए। इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद कारीडोंगरी से लगे वन कक्ष क्रमांक 494/95 में दो हिरण मृत अवस्था में मिले। आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर वन्यजीव विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों ने बाघिन द्वारा शिकार किए जाने की आशंका जताई है।

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने देर रात से लेकर शुक्रवार सुबह और दोपहर तक क्षेत्र में बाघिन की तलाश की। हालांकि बाघिन का प्रत्यक्ष रूप से पता नहीं चल सका। अधिकारियों के अनुसार बाघिन के अचानकमार टाइगर रिजर्व के जंगल की ओर चले जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

वनमंडलाधिकारी मुंगेली तन्मय कौशिक के निर्देश पर वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। इसके साथ ही नियमित गश्ती और निगरानी की जा रही है, ताकि बाघिन की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
इन गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने कारीडोंगरी, झालरी, दुल्लापुर, खुड़िया और कंसारी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश नहीं करने और मवेशियों को जंगल में चराने के लिए नहीं ले जाने की सलाह दी गई है।
विभाग ने कहा है कि यदि किसी ग्रामीण को बाघिन दिखाई देती है अथवा उसके पगमार्क नजर आते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दें। वन विभाग द्वारा वन्यजीव संरक्षण के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और विभाग का सहयोग करने की अपील की है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
