पेंड्रीतालाब में रोड निर्माण सामग्री से घिरा स्कूल परिसर, बच्चों की पढ़ाई और खेलकूद हो रहे प्रभावित; प्रशासन से कार्रवाई की मांग
लोकेशन : पेंड्रीतालाब, लोरमी।

लोरमी। ग्राम पंचायत पेंड्रीतालाब में सड़क निर्माण कार्य के लिए पहुंचे ठेकेदार द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला, सामुदायिक भवन और गांव के गौठान परिसर में पिछले करीब आठ महीनों से निर्माण सामग्री जमा कर रखी गई है। इसके चलते ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर में निर्माण सामग्री रखे जाने से बच्चों की पढ़ाई, आवागमन और खेलकूद की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।


जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार नीलकंठ चंद्रवंशी द्वारा स्कूल परिसर, सामुदायिक भवन और गौठान में सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री रखी गई है। बताया जा रहा है कि शाला प्रबंधन और ग्राम पंचायत की ओर से संबंधित ठेकेदार को परिसर खाली करने के लिए कई बार नोटिस भी दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक सामग्री नहीं हटाई गई है।

स्कूल परिसर में लंबे समय से निर्माण सामग्री रखे होने के कारण धूल और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, स्कूल आने-जाने के रास्ते भी प्रभावित हो रहे हैं। खेल मैदान में निर्माण सामग्री रखे होने से बच्चे खेलकूद की गतिविधियों से वंचित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भवनों और सार्वजनिक उपयोग के स्थानों पर इस तरह लंबे समय तक निर्माण सामग्री रखे जाने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में कांग्रेस नेता एवं जनपद पंचायत लोरमी के सभापति विद्यनंद चंद्राकर ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शासकीय स्कूल, सामुदायिक भवन और गौठान परिसर को तत्काल खाली कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की सुविधाएं बहाल हो सकें।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और पिछले आठ महीनों से परेशानी झेल रहे स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को कब राहत मिलती है।
बाइट :
1. प्रमिला तिवारी, प्रधानपाठक, शासकीय प्राथमिक शाला पेंड्रीतालाब।
2. विद्यनंद चंद्राकर, कांग्रेस नेता एवं सभापति, जनपद पंचायत लोरमी।
रिपोर्ट: देवेंद्र पाल सिंह, मुंगेली
मोबाइल:9893832542

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
