शिक्षा में जनभागीदारी, बालिका शिक्षा और विद्यालय विकास पर जोर; 350 प्रतिनिधियों ने लिया संकल्प

मुंगेली। समय शिक्षा, छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में बुधवार को मुंगेली जिले के तीन विकासखंडों मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया में पालक सम्मेलन एवं शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) बैठक-सह-प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न संकुलों से पहुंचे लगभग 350 शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सदस्य, पालक, प्रधान पाठक एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य शाला प्रबंधन समितियों को अधिक सक्रिय, सशक्त एवं जवाबदेह बनाना, विद्यालयों में बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में समुदाय की भागीदारी बढ़ाना रहा। विशेष रूप से बालिका शिक्षा, विद्यालय विकास और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में विद्यालय विकास और बच्चों की सुरक्षा पर चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने शाला प्रबंधन समिति के गठन एवं दायित्वों, विद्यालय विकास योजना (एसडीपी) निर्माण, विद्यालय अनुदान के पारदर्शी उपयोग, बाल अधिकार, बच्चों की सुरक्षा एवं मध्यान्ह भोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी। इसके साथ ही बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण विकसित करने पर विशेष चर्चा की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति सदस्यों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

समुदाय की भागीदारी से ही होगा विद्यालयों का विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.एल. पटेल ने कहा कि कोई भी विद्यालय तभी बेहतर बन सकता है, जब शिक्षक, पालक और समुदाय मिलकर एक टीम की तरह काम करें। उन्होंने शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों से नियमित बैठकें आयोजित कर विद्यालय की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने मुंगेली विकासखंड के समिति सदस्यों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए शिक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व मुंगेली बीईओ श्रीमती विमित्रा धृतलहरे, लोरमी बीईओ श्रीमती मनीषा पाटले तथा पथरिया बीईओ डॉ. श्रीमती प्रतिभा मंडलोई द्वारा किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स की विशेष भूमिका
जिले के इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में एपीसी श्री प्रदीप उपाध्याय, एपीसी श्री लेखराम साहू, एपीसी श्री बड़ैया, बीआरसीसी श्री सूर्यकांत उपाध्याय, सहायक बीईओ श्री सुनील शर्मा, बीआरसी श्री दया राम साहू, बीआरसी श्री अशोक यादव, बीआरपी श्रीमती प्रिया यादव सहित मास्टर ट्रेनर्स श्री चंद्रशेखर उपाध्याय, श्री दुर्गेश देवांगन, श्री ब्रजेश मिश्रा, श्री मनोज कश्यप, श्री मिल्टू राम यादव, श्री विकास जायसवाल एवं श्री रितेश सिंगरोल का विशेष योगदान रहा।
350 प्रतिभागियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी 350 प्रतिभागियों ने अपने-अपने विद्यालयों में जाकर शाला प्रबंधन समिति को और अधिक सक्रिय करने, शिक्षा में जनभागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
