मुंगेली जिले में किसानों को 10.90 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान, अवैध परिवहन पर रोक लगाने 10 चेकपोस्ट सक्रिय
मुंगेली। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। अब तक जिले के 113 धान उपार्जन केंद्रों में 1,351 किसानों से कुल 44,664 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान के एवज में किसानों को 10 करोड़ 90 लाख 26 हजार 776 रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अब तक खरीदे गए धान में 40,238 क्विंटल मोटा धान तथा 4,426 क्विंटल सरना धान शामिल है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की नजर, 10 चेकपोस्ट बनाए गए
धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिले में 10 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर निगरानी रखी जा रही है।

चेकपोस्ट कारीडोंगरी, दुल्लापुर (पथर्रीपारा), भूतकछार, खुड़िया, लमनी, खुड़िया (मनियारी पुल), बंजारी, सरगढ़ी, मौहामांचा एवं बिजराकछार में बनाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का प्रयास है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो तथा वास्तविक किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
