

देवरहट में जन्मोत्सव कार्यक्रम में होंगे शामिल, कश्यप समाज भवन का करेंगे लोकार्पण, स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम का भी करेंगे निरीक्षण


लोरमी। स्थानीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस के अवसर पर लोरमी विधानसभा क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिलेगा। उनके जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।


उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं, समर्थकों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह है। उनके स्वागत के लिए जगह-जगह तैयारियां की जा रही हैं। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक विभिन्न संगठनों द्वारा भव्य स्वागत की योजना बनाई गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री अरुण साव सुबह बिलासपुर स्थित अपने निवास से रवाना होंगे। इसके पश्चात वे रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मंदिर दर्शन के बाद उनका कोटा में स्वागत किया जाएगा। यहां से वे तखतपुर, बरेला और जरहागांव होते हुए लोरमी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करते ही विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा स्वागत और जनसंपर्क
उपमुख्यमंत्री का काफिला ग्राम बटहा, सेमरसल, तेलियापुरान, कुम्हारोली, मोहतरा कुर्मी और हरना चाका होते हुए ग्राम देवरहट पहुंचेगा। इन सभी स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी उनके जन्मदिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जगह-जगह स्वागत के माध्यम से अपनी खुशी जाहिर करने की तैयारी की जा रही है।
देवरहट में जन्मोत्सव कार्यक्रम और भवन का उद्घाटन
ग्राम देवरहट में उपमुख्यमंत्री अरुण साव जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर कश्यप समाज के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम का निरीक्षण करेंगे। जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों का आयोजन सामाजिक सरोकारों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोरमी नगर में होगा ऐतिहासिक स्वागत
देवरहट से कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री पीपरखूंटा, औराबंधा, धोबघट्टी, छिरहुट्टी, झाफल और सेमरिया होते हुए लोरमी नगर पहुंचेंगे। नगर में प्रवेश के दौरान विभिन्न चौक-चौराहों पर सामाजिक, राजनीतिक एवं अन्य संगठनों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत को लेकर अलग-अलग संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर उत्सव जैसा माहौल बनाने की तैयारी है।

मानस मंच पर होगा मुख्य जन्मोत्सव समारोह
लोरमी नगर के मानस मंच में जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस को लेकर लोरमी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। ग्रामीण अंचलों से लेकर नगर तक स्वागत और आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यकर्ताओं का प्रयास है कि जन्मोत्सव का यह आयोजन यादगार बने और पूरे विधानसभा क्षेत्र में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण दिखाई दे।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
