मुंगेली से शुरू हुई नए समाचार पत्र की यात्रा, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

मुंगेली। जिले की पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए मुंगेली से प्रकाशित होने जा रहे समाचार पत्र ‘भास्कर पथ’ के प्रथम संस्करण का भव्य विमोचन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने किया।

उनके जन्मदिवस के अवसर पर मुंगेली के स्थानीय रेस्ट हाउस मैदान में आयोजित समारोह में हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की मौजूदगी में समाचार पत्र का शुभारंभ हुआ।


उपमुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों प्रथम संस्करण का विमोचन होना भास्कर पथ परिवार के लिए गौरवपूर्ण अवसर रहा। इस पहल को जिले में क्षेत्रीय पत्रकारिता के विस्तार और जनहित से जुड़े मुद्दों को नई आवाज देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निष्पक्ष पत्रकारिता को बताया लोकतंत्र की मजबूती का आधार
विमोचन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली की पत्रकारिता परंपरा की सराहना करते हुए समाचार पत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुंगेली में पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा रही है। यहां के पत्रकारों ने समय-समय पर क्षेत्र की जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘भास्कर पथ’ भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आम जनता की आवाज बनेगा तथा उनकी समस्याओं को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा।
उन्होंने लोकतंत्र में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उपमुख्यमंत्री के हाथों समाचार पत्र का विमोचन इस नई पत्रकारिता यात्रा के लिए यादगार अवसर बन गया।
आम जनता की आवाज बनेगा ‘भास्कर पथ’ : संपादक अक्षय लहरे
समाचार पत्र के संपादक अक्षय लहरे ने कहा कि ‘भास्कर पथ’ का उद्देश्य केवल समाचारों का प्रकाशन करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज बनना है। ग्रामीण अंचलों की समस्याओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं को भी जिम्मेदारी के साथ सामने रखा जाएगा। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसलिए समाचार पत्र निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को अपना मूल आधार बनाकर कार्य करेगा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा प्रथम संस्करण का विमोचन किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए इसे पूरी टीम के लिए प्रेरणादायी बताया।
छत्तीसगढ़ स्टेट हेड असीम अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल
इस अवसर पर भास्कर पथ के छत्तीसगढ़ स्टेट हेड असीम अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मुंगेली एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। पत्रकारों ने समाचार पत्र के प्रथम संस्करण के प्रकाशन को क्षेत्रीय पत्रकारिता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सफलता की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में पत्रकार अनिल सोनी, मनोज अग्रवाल, योगेश शर्मा, प्रेम आर्य, सुशील शुक्ला, जय ताम्रकर, प्रमोद पाठक, शैलेश पाठक, सुनील पाठक, डेविड बंजारा, देवेंद्र पाल सिंह (पिंटू उबेजा) प्रीतेश आर्य, मनुराज सोनी, फलित जांगड़े, पीताम्बर खंडे, अरविंद बंजारा, अतुल श्रीवास्तव, मनीष नामदेव, योगेश साहू, परमेश्वर कुर्रे, दिलीप साहू, अविनाश कुलमित्र एवं भास्कर पथ के जिला प्रतिनिधि लवजीत सिंह सलूजा उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं
विमोचन समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, श्रीकांत पाण्डेय, गौरी शंकर कश्यप (गरियाबंद), रामकमल सिंह, गिरीश शुक्ला, दीनानाथ केशरवानी, भवानी साव, रामलाल साव ट्रस्ट अध्यक्ष विनय गुप्ता, संजय वर्मा, जयप्रकाश मिश्रा, आशीष मिश्रा, अमितेश आर्य, नितेश भारद्वाज, राम डिंडोरे गुरुजी, यूसुफ उपलेटा, मोहन मल्लाह, देवचरण भास्कर, उमाशंकर साहू, जीतू दावड़ा, राजा तम्बोली, कोटु दादवानी एवं जयपाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जनसरोकारों को प्राथमिकता देने का संकल्प
‘भास्कर पथ’ का प्रथम संस्करण केवल एक समाचार पत्र का शुभारंभ नहीं, बल्कि जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की नई शुरुआत है। समाचार पत्र परिवार ने संकल्प लिया कि मुंगेली सहित पूरे छत्तीसगढ़ के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास कार्यों, सामाजिक गतिविधियों और क्षेत्र की उपलब्धियों को भी स्थान दिया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिवस के अवसर पर मिला यह शुभारंभ भास्कर पथ परिवार के लिए गौरव और उत्साह का विषय बना। अब समाचार पत्र के सामने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों का विश्वास अर्जित करने की नई जिम्मेदारी होगी।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
