मुंगेली। जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री स में हुए तुलसी साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने पहले तुलसी साहू का अपहरण किया और फिर पंप हाउस में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में छिपा दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी धनीराम साहू सरपंच चुनाव में हार के लिए मृतक तुलसी साहू को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई और अपहरण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी। इसमें 70 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे।

घटना 25 अक्टूबर की शाम की है, जब तुलसी साहू घर से निकला था। आरोपियों ने उसे रास्ते में कार से जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद उसे पंप हाउस ले जाकर स्टाम्प पेपर पर लिखवाया गया और वीडियो बनाया गया। फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई तथा शव को झाड़ियों में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। पुलिस ने मुख्य आरोपी धनीराम साहू सहित भुवन साहू, ओमनारायण राजपूत, सुरेंद्र जोशी और टीकाराम साहू को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त निशान कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बिजली के तार, स्टाम्प पेपर, वीडियो सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी पांच आरोपियों को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं, अंधेकत्ल का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
