जशपुर पुलिस ने 51 लाख की बड़ी चोरी का किया खुलासा, भतीजी निकली मास्टरमाइंड; पांच आरोपी गिरफ्तार


जशपुर। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चोरी की गई संपत्ति की वर्तमान कीमत करीब 51 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

इस पूरे मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर की ही भतीजी मिनल निकुंज ने अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर की थी। आईफोन और लग्जरी लाइफस्टाइल के लालच ने आरोपियों को अपराध की राह पर धकेल दिया।

15 लाख नकद और सोने के जेवरात पर किया हाथ साफ

प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने 6 दिसंबर 2025 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके पुराने घर केराडीह रैनीडांड में रखे दीवान से 15 लाख रुपये नकद, सोने की बिस्किट और जेवरात चोरी हो गए हैं। शुरुआती अनुमान में चोरी गए माल की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 51 लाख से अधिक हो गई।

जन्मदिन पार्टी, लग्जरी कार और ऐशो-आराम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मिनल निकुंज ने पहले चोरी के पैसों से आईफोन खरीदा, फिर धीरे-धीरे रकम निकालकर अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान और अन्य साथियों के साथ मौज-मस्ती में खर्च करती रही। आरोपियों ने रायपुर में विला बुक कर जन्मदिन पार्टी मनाई, देश देखा जशपुर में पार्टियां कीं और करीब 25 लाख रुपये की हरियर कार भी खरीदी।

रांची से हुई मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया। मिनल निकुंज और उसका बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को रांची (झारखंड) के एक होटल से हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

इसके बाद अन्य आरोपियों—अभिषेक इंद्रवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत—को भी अलग-अलग तारीखों में गिरफ्तार किया गया।

बरामद हुआ 51 लाख से अधिक का माल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • एक हरियर कार
  • 86,300 रुपये नकद
  • 100, 50 और 20 ग्राम की सोने की बिस्किट
  • मंगलसूत्र, सोने का कड़ा
  • 1 आईफोन और 4 एंड्रॉयड मोबाइल
    जप्त किए हैं।

अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *