वीबी-जी राम जी योजना से करमरी में आत्मनिर्भरता को मिली नई दिशा

डबरियों से मछली पालन, सिंचाई व उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा


रायपुर आदिवासी बहुल एवं कृषि आधारित आजीविका वाले मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले की ग्राम पंचायत करमरी में वीबी-जी राम जी (विकसित भारत ग्राम गारंटी) योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विकासोन्मुख नारों के साथ योजना का स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर “आत्मनिर्भर गांव – विकसित भारत” का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के तहत कन्वर्जेंस आधारित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया गया, जिसमें कृषि डबरी एवं मछली तालाब निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। ये कार्य कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सीआरईडीए एवं वन विभाग के आपसी समन्वय से तैयार कार्ययोजना के अनुसार संचालित किए जा रहे हैं। इन डबरियों से मछली पालन, सिंचाई सुविधा, दलहन-तिलहन की खेती तथा उद्यानिकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आदिवासी एवं सीमांत किसानों को स्थायी आजीविका, खाद्य सुरक्षा और अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वीबी-जी राम जी योजना का उद्देश्य ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, संसाधनों का बेहतर उपयोग और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता के लिए ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता, पारदर्शिता और सामुदायिक स्वामित्व आवश्यक है, और यह योजना इन्हीं मूल सिद्धांतों पर आधारित है।

कार्यक्रम के दौरान हितग्राही श्री विनोद कुमार एवं श्री दलपत साई मेहरू राम को मछली जाल का वितरण किया गया। इससे मछली पालन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्वरोजगार के प्रति ग्रामीणों का उत्साह बढ़ेगा। हितग्राहियों ने बताया कि योजना से मिले सहयोग के माध्यम से वे मछली पालन के साथ-साथ दलहन-तिलहन की खेती भी करेंगे, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि होगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।

ग्रामीणों ने वीबी-जी राम जी योजना को आदिवासी बहुल, कृषि आधारित जिले के लिए सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। “गांव आत्मनिर्भर होंगे, तभी भारत विकसित बनेगा” के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *