भिलाई में दर्दनाक औद्योगिक हादसा, भारी बीम के नीचे दबने से श्रमिक की मौत


भिलाई। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बलौदाबाजार के बाद अब भिलाई में एक और दर्दनाक औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। हथखोज हेवी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक प्लांट में हुए हादसे में श्रमिक लेखराज कौशल की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हुआ।

पहली पाली के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक श्रमिक लेखराज कौशल पहली पाली में कार्यरत था। काम के दौरान अचानक वह एक भारी बीम के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि श्रमिक को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं

बलौदाबाजार हादसे की यादें ताजा

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बलौदाबाजार के बकुलाही स्थित इस्पात प्लांट में हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। वहां हुए विस्फोट के दौरान 850 से 900 डिग्री सेल्सियस गर्म राख मजदूरों पर गिर गई थी। इस हादसे में 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे।

सीएम ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान

बलौदाबाजार हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मृत और घायल मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्लांट प्रबंधन की ओर से मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये का चेक सौंपा गया है, साथ ही 25-25 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा देने की घोषणा की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल मजदूरों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है।

औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल

लगातार हो रहे औद्योगिक हादसों ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में श्रमिक सुरक्षा, निगरानी और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और उद्योग प्रबंधन इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *