मुंगेली जिले में अब 113 धान उपार्जन केंद्रों में होगी धान खरीदी, तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक
धान खरीदी प्रभारी एवं ऑपरेटरों को दिए गए आवश्यक निर्देश

एग्रीस्टैक पोर्टल पर शेष किसानों का पंजीयन समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
मुंगेली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने आज जिला कलेक्टोरेट कस्थित जनदर्शन सभाकक्ष में धान खरीदी प्रभारियों एवं ऑपरेटरों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने, किसानों का पंजीयन पूर्ण कराने तथा खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिले में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 08 नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे जिले में पहले से संचालित 105 धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़कर अब 113 हो जाएगी। नवीन केंद्र प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय के लिए सुविधा मिलेगी तथा खरीदी व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

एग्रीस्टैक पोर्टल पर शेष किसानों का पंजीयन समय-सीमा में करने के निर्देश
बैठक में एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन से शेष रह गए किसानों का पंजीयन 25 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर ने धान खरीदी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने केंद्रों से संबंधित किसानों की पंजीयन स्थिति की समीक्षा करें तथा पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। इसके साथ ही ऋण लेने वाले किसानों के ऋण संबंधी विवरण की पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। नवीन धान खरीदी केंद्रों में स्थल एवं कर्मचारियों का चयन समय पर पूरा करने तथा सभी केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
केंद्रों में कंप्यूटर, इंटरनेट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
धान खरीदी कार्य को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में कंप्यूटर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट, नमी मापक यंत्र तथा विद्युत एवं पेयजल की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही केंद्रों में फड़ की साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले पूरी करने को कहा गया।
बैठक में निर्धारित तिथि पर सभी केंद्रों में ट्रायल धान खरीदी अनिवार्य रूप से कराने तथा नमी मापक यंत्रों का कैलिब्रेशन एवं कांटा-बांट का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को धान खरीदी की तैयारियों के लिए पूर्व में जारी चेकलिस्ट के अनुसार सभी बिंदुओं की जांच कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने को कहा गया।
बैठक में पीसीएसएपी (PCSAP) पोर्टल पर धान खरीदी के 16 बिंदुओं से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा अंतिम डाटा की सही प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए। संबंधित जानकारी के साथ स्पष्ट फोटो एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र अपलोड करने को कहा गया। साथ ही पोर्टल पर निर्धारित मानकों के अनुरूप जानकारी दर्ज करने और ग्रेडिंग में सुधार के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि पिछले वर्ष की तरह कम ग्रेड प्राप्त होने की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो। धान खरीदी कार्य में नियोजित कर्मचारियों एवं हमालों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, उनकी सूची तैयार करने तथा बीमा संबंधी प्रक्रिया के लिए नियोजित व्यक्तियों की सूची निर्धारित समय-सीमा में विपणन संघ को भेजने के निर्देश दिए गए। संबंधित पोर्टल पर भी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने को कहा गया।
धान के सुरक्षित भंडारण के लिए आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करें
धान की सुरक्षित रखरखाव एवं भंडारण व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तारपोलिन, ड्रेनेज सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता धान खरीदी शुरू होने से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यक सामग्रियों की खरीदी भंडार क्रय नियमों के अनुसार करने तथा बारदाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। प्राप्त, उपयोग किए गए और शेष बारदाने का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी पंकज सेतपाल, नोडल अधिकारी जिला सहकारी बैंक
सन्तोष सिंह ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी
निशा फूंके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं धान खरीदी केंद्रों के प्रभारी और ऑपरेटर उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
