छह महीने की खुफिया जाँच में रायपुर के दो नाबालिगों की संदिग्ध गतिविधियों का हुआ था खुलासा, जनवरी 2026 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी हो चुकी हैं सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की आईपीएस अधिकारी राजश्री मिश्रा को आतंकवाद निरोधक खुफिया जाँच में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2026 से सम्मानित करने के लिए चुना गया है।

यह उनका दूसरा केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक है। रायपुर में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) की विचारधारा से प्रभावित संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े मॉड्यूल का खुलासा करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी राजश्री मिश्रा वर्तमान में छत्तीसगढ़ आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी निगरानी में एटीएस की टीम ने करीब छह महीने तक गोपनीय जाँच की। इस दौरान तकनीकी निगरानी और मानवीय स्रोतों से मिली सूचनाओं के आधार पर रायपुर के दो नाबालिगों की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों का पता लगाया गया।
जाँच में दोनों नाबालिगों का ISIS से प्रेरित प्रचार सामग्री के कथित प्रसार से जुड़ाव सामने आया। इसके बाद एटीएस ने डिजिटल साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं का विश्लेषण करते हुए गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। नाबालिगों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय व्यवस्था के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी की गई।
मामले में निर्धारित समयसीमा के भीतर माना स्थित किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष आरोपपत्र भी प्रस्तुत किया गया। जाँच का मुख्य केंद्र ऑनलाइन कट्टरपंथी प्रभाव और चरमपंथी सामग्री के कथित प्रसार की पड़ताल करना था।
प्रशिक्षण में उत्कृष्टता के लिए भी मिल चुका है सम्मान
राजश्री मिश्रा को इससे पहले प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक मिल चुका है। इसके अलावा जनवरी 2026 में उन्हें सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया गया था।
दूसरी बार केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चयन को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान डिजिटल माध्यमों से फैलने वाली कट्टरपंथी गतिविधियों की पहचान, खुफिया सूचनाओं के विश्लेषण और समय रहते की गई कार्रवाई में उनके योगदान को रेखांकित करता है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
