केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यप ऑनलाइन कार्यक्रम में हुए शामिल, विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर रहे मौजूद


मुंगेली/अचानकमार। अचानकमार टाइगर रिजर्व में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। 1 नवंबर को टाइगर रिजर्व के अंतर्गत नवनिर्मित केवची बफर सफारी प्रवेश द्वार का विधिवत उद्घाटन किया गया। नए प्रवेश द्वार के शुरू होने से अचानकमार क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही पर्यटकों को जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। वहीं तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी सहभागिता निभाई।

पर्यटन सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
केवची बफर सफारी का नया प्रवेश द्वार शुरू होने से अचानकमार टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इसके माध्यम से पर्यटकों को वन क्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण, जैव विविधता और वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। बफर क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विकास से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है अचानकमार
अचानकमार टाइगर रिजर्व छत्तीसगढ़ के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां घने जंगल, पहाड़ियां, प्राकृतिक जलस्रोत और समृद्ध जैव विविधता पर्यटकों को आकर्षित करती है। बाघ सहित कई दुर्लभ वन्यजीवों और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का यह महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास है।
केवची बफर सफारी प्रवेश द्वार का शुभारंभ अचानकमार की पर्यटन पहचान को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की संभावना है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
