
प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

मुंगेली, 2 नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने सोमवार को मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सबसे पहले साइंस कॉलेज के पास नवागढ़ रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार शहर की पहचान और सुंदरता से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्माण है, इसलिए इसका कार्य बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। इन सुविधाओं का लाभ शहरवासियों और विद्यार्थियों को समय पर मिल सके, इसके लिए कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिका भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से आम जनता को सुविधाओं का लाभ मिलने में विलंब होता है। इसलिए अधिकारी नियमित रूप से निर्माण कार्यों की समीक्षा करें और समय पर कार्य पूरा कराएं।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वोच्च प्राथमिकता
श्री साव ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता शहरों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करना है। इसके लिए स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना जरूरी है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करें।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव कर्मा माता मंदिर भी पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही प्रदेश की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए प्रार्थना की।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
