पंचायत चुनाव की रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश, पैसों के लालच में सुपारी लेकर दिया था वारदात को अंजाम

मुंगेली। जिले के थाना सरगांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेन्ड्री ‘स’ में हुए तुलसी साहू हत्याकांड में मुंगेली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में हार की रंजिश के चलते पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने पैसों के लालच में योजनाबद्ध तरीके से तुलसी साहू का अपहरण कर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे कीचड़ और झाड़ियों में फेंक दिया था।
मामले में मुंगेली पुलिस ने पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। वहीं फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को फरार आरोपी कुनाल बक्शी (19 वर्ष) एवं तारकेश्वर बघेल (22 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 03 साई नगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पैसों के लालच में घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर 6 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
पहले गिरफ्तार हो चुके हैं पांच आरोपी
इस हत्याकांड में पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी धनीराम साहू (40 वर्ष), भुवन साहू (28 वर्ष), ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25 वर्ष), सुरेंद्र जोशी (25 वर्ष) एवं टीकाराम साहू (53 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। अब कुनाल बक्शी और तारकेश्वर बघेल की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के प्रआर. नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, अशोक कौशिक, आरक्षक राहुल यादव, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, रिपीन बनर्जी, विश्वनाथ सिंह, अजय रावत, पंकज निर्णेजक एवं अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर पुलिस सहायता लेने की भी अपील की गई है।

The News Related To The News Engaged In The Patrika Mungeli Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
