छेवारीपाली में दर्दनाक हादसा: मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, जलाशय में अजगर होने की आशंका से दहशत


सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया तहसील के छेवारीपाली गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गांव के 38 वर्षीय मिथिलेश सिदार की मछली पकड़ने के दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा गांव के बड़े जलाशय ‘टार’ में हुआ, जहां ग्रामीण अक्सर अतिरिक्त आमदनी के लिए मछली पकड़ने जाते हैं।

जानकारी के अनुसार, मिथिलेश रोज की तरह सुबह जलाशय में मछली मारने उतरे थे। कुछ देर बाद उन्होंने अचानक मदद के लिए जोर से आवाज लगाई। आसपास मौजूद ग्रामीण उनकी आवाज तो सुन पाए, लेकिन जब तक वे वापस लौटकर अन्य लोगों को बुलाते, मिथिलेश पानी में लापता हो चुके थे। बाद में ग्रामीणों ने खोजबीन कर उनका शव जलाशय के भीतर से निकाला।

गांव में पहले से चर्चा है कि इस जलाशय में कई बड़े अजगर रहते हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पानी में मौजूद किसी अजगर ने मिथिलेश को पैर से जकड़कर अंदर खींच लिया होगा। सरपंच प्रतिनिधि नरेश साहू ने भी बताया कि जलाशय में पहले कई बार अजगर दिख चुके हैं और भीतर घना कमल, फैला हुआ जाल और गाद होने के कारण यह इलाका बेहद जोखिमभरा माना जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि जैसे ही खोज शुरू हुई, पानी के भीतर कुछ हलचल महसूस हुई, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कोई अजगर वहां से सरक गया होगा। हालांकि यह केवल कयास है, लेकिन घटना के बाद गांव में भारी दहशत व्याप्त है और लोग अब जलाशय के आसपास जाने से भी डर रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *