राष्ट्रीय युवा दिवस पर दिल्ली IAS एकेडमी ने मनाया 19वां स्थापना दिवस, “युवाथान मैराथन” का भव्य आयोजन


स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं को मिला ऊर्जा, अनुशासन और एकाग्रता का संदेश

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती, जिसे पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर दिल्ली IAS एकेडमी ने अपने 19वें स्थापना दिवस को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर प्रातःकाल एकेडमी द्वारा “युवाथान मैराथन” का भव्य आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा।

मुख्य व विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

मैराथन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान के संस्थापक श्री सौरभ चतुर्वेदी की माता श्रीमती प्रमिला चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

केक काटकर हुआ शुभारंभ, हरी झंडी दिखाकर मैराथन रवाना

दिल्ली IAS एकेडमी के 19वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर युवाथान मैराथन को रवाना किया गया। मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।

पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेता हुए सम्मानित

मैराथन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग

  • प्रथम स्थान: अंकित कुमार
  • द्वितीय स्थान: भूषण प्रताप
  • तृतीय स्थान: कृष्ण यादव

महिला वर्ग

  • प्रथम स्थान: ओम साहू
  • द्वितीय स्थान: सरगम चौहान
  • तृतीय स्थान: मोनिश पटेल

विजेताओं को संस्थान की ओर से क्रमशः ₹3100, ₹2100 एवं ₹1100 की नगद राशि, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।

योग एवं मेडिटेशन पर दिया गया मार्गदर्शन

मुख्य अतिथि श्री खजांची कुम्हार ने अपने संबोधन में छात्रों को योग और ध्यान (मेडिटेशन) के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और एकाग्रता भी अत्यंत आवश्यक है।

युवाओं को मिला प्रेरणादायी संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान के प्रमुख श्री सौरभ चतुर्वेदी ने स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है। ऐसे आयोजन युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनाते हैं।

आभार प्रदर्शन

कार्यक्रम के अंत में दिल्ली IAS एकेडमी प्रबंधन की ओर से मुख्य प्रबंधक श्रीमती विद्या चतुर्वेदी एवं कार्यकारी निदेशक श्री ई. नवनीत सिंह राठौर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग, पुलिस एवं यातायात विभाग का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *