“ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सटोरिए गिरफ्तार


मुंगेली ।  जिले में जुआ–सट्टा पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा “ऑपरेशन बाज” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने ऑफलाइन और ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में सायबर सेल एवं थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई में पुलिस ने जाहिद अली (उम्र 35 वर्ष), निवासी चुड़ी लाइन, गोल बाजार मुंगेली को सार्वजनिक स्थान पर आम लोगों को अंकों पर रुपये-पैसे का लालच देकर सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के कब्जे से नगद 20,000 रुपये, सट्टा पट्टी लिखा कागज एवं रियलमी कंपनी का मोबाइल (कीमत लगभग 5,000 रुपये) जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 15/26, धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने राज सोनी (उम्र 35 वर्ष), निवासी सदर बाजार मुंगेली को नगर पालिका स्कूल के पास क्रिकेट माजा इलेवन एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। जांच में मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए क्रिकेट सट्टा एवं रकम के लेन–देन से संबंधित बातचीत पाई गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग एस–25 अल्ट्रा मोबाइल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) जप्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर, साथ ही धारा 170, 126(बी), 135(2) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम कार्यालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ–सट्टा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी सायबर सेल), निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक ईश्वर राजपूत सहित पुलिस स्टाफ नरेश यादव, नोखे कुर्रे, यशवंत डाहिरे, बालीराम ध्रुव, चंद्र ध्रुव, रवि जांगड़े, रवि मिन्ज, गिरीराज सिंह, भेषज पाण्डेकर, राहुल यादव, हेमसिंह ठाकुर, राकेश बंजारे एवं परमेश्वर जांगड़े की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *