छत्तीसगढ़ बिग ब्रेकिंग न्यूज़

नवापारा–राजिम लूटकांड के बाद सर्राफा एसोसिएशन का बड़ा फैसला, ज्वेलरी दुकानों में हेलमेट और बुर्का पहनकर प्रवेश पर रोक

रायपुर/बिलासपुर  नवापारा–राजिम में हाल ही में हुई सर्राफा लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश व असुरक्षा का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने एक आपातकालीन उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की।

यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल सोनी ने की। बैठक में सुरक्षा मानकों पर विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से एक अहम निर्णय लिया गया।

चेहरा ढंककर आने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश

एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि अब प्रदेश की किसी भी सर्राफा दुकान में हेलमेट या बुर्का पहनकर आने वाले व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सीसीटीवी कैमरों में ग्राहकों की पहचान स्पष्ट रूप से हो सके और आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

प्रदेश के वरिष्ठ व्यापारी नेताओं की रही मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया और सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव रखे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे—

  • कमल सोनी (प्रदेश अध्यक्ष)
  • प्रकाश गोलचा (बिलासपुर)
  • हर्षवर्धन जैन (रायपुर)
  • प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर)
  • संजय कुमार कनुगा (रायपुर)
  • उत्तम चंद भंडारी (दुर्ग)
  • पवन अग्रवाल (बिलासपुर)
  • राजू दुग्गड़ (बस्तर)
  • राजेश सोनी (सरगुजा)

सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की अपील

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सभी सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस एवं एसोसिएशन को दें। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से भी मांग की कि सर्राफा व्यापारियों को उचित सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा नवापारा–राजिम लूटकांड के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।

सर्राफा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कड़ा निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *