सुजल ग्राम संवाद के तृतीय चरण में ग्राम पंचायत साल्हेभाट ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

रायपुर । जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित सुजल ग्राम संवाद के तृतीय चरण में छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से कोंडागांव जिले की ग्राम पंचायत साल्हेभाट ने प्रतिनिधित्व किया। यह संवाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, दादर एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव तथा लक्षद्वीप के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस दौरान राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक ने ग्राम पंचायत साल्हेभाट के प्रतिनिधियों से पेयजल की उपलब्धता, जल जीवन मिशन से ग्रामीणों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव तथा जल वहिनियों द्वारा एफटीके (फील्ड टेस्ट किट) के माध्यम से जल परीक्षण एवं नमूना जांच की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।

संवाद के दौरान ग्रामवासियों द्वारा पेयजल आपूर्ति हेतु मासिक शुल्क निर्धारण, योजना के संचालन एवं संधारण की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला कार्यालय कोंडागांव से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी दी और जल सेवा आकलन एवं जल अर्पण दिवस को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में जेरेना/GRAMG द्वारा पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए तैयार की गई कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। वहीं, मिशन संचालक जल जीवन मिशन छत्तीसगढ़ शासन श्री जितेन्द्र शुक्ला ने राज्य स्तर पर योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सतत पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *