रायपुर में राडा ऑटो एक्सपो–2026 का शुभारंभ, वाहनों पर 50% लाइफ टाइम रोड टैक्स छूट

रायपुर । राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा आयोजित राडा ऑटो एक्सपो–2026 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार निरंतर विकास की दिशा में कार्य कर रही है। राज्य में आम नागरिकों की क्रय शक्ति बढ़ी है, जिसका सकारात्मक असर बाजारों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने लोगों से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यामाहा एक्सएसआर–155, टाटा सिएरा और महिंद्रा 7 एक्सओ वाहनों की लॉन्चिंग की। साथ ही “मनी मैटर्स” पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने बताया कि किसानों को धान का उचित मूल्य और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल रहा है। जीएसटी दरों में सुधार से वाहनों और कृषि उपकरणों की कीमतों में कमी आई है, जिससे आम लोगों को बड़ा लाभ हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष ऑटो एक्सपो में 25 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य था, लेकिन 29 हजार से अधिक वाहन बिके, जिससे सरकार को लगभग 800 करोड़ रुपए का जीएसटी और परिवहन विभाग को 129 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। इस वर्ष ऑटो एक्सपो का आयोजन और अधिक वृहद स्तर पर किया गया है, जिसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। पहले ही दिन करीब 2000 वाहनों का पंजीयन हो चुका है और इस बार 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि राडा ऑटो एक्सपो प्रदेश में रोजगार सृजन और ऑटो सेक्टर की प्रगति का प्रतीक है। रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट से ग्राहकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम व्यवसायियों को भी लाभ मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि मंत्रिपरिषद के निर्णय के अनुसार 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक ऑटो एक्सपो में बिकने वाले वाहनों पर पंजीकरण के समय लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इस निर्णय का लाभ पूरे प्रदेश के वाहन विक्रेताओं और ग्राहकों को मिलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा शपथ पर हस्ताक्षर किए और आगामी महिला दिवस पर आयोजित नारी मैराथन के पोस्टर का विमोचन भी किया। इस अवसर पर परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ऑटोमोबाइल डीलर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *