विधवा महिला की बेरहमी से पिटाई, कपड़े फाड़कर गांव की गलियों में घुमाया; प्रेम-प्रसंग को लेकर अमानवीय घटना


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गौरेला थाना क्षेत्र के खोडरी चौकी अंतर्गत एक गांव में 35 वर्षीय विधवा महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, उसके कपड़े फाड़े गए और उसे गांव की गलियों में घुमाया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

शादीशुदा व्यक्ति से प्रेम संबंध बना कारण

जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति की लगभग एक वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद महिला का गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति हरि प्रसाद से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। सामाजिक दबाव और लोकलाज के कारण दोनों दिसंबर महीने में गांव छोड़कर मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में रहने चले गए थे।

इस दौरान परिजनों ने दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी गौरेला थाने में दर्ज कराई थी।

गांव लौटने पर बढ़ा विवाद

शुक्रवार को महिला और हरि प्रसाद के गांव लौटने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला खोडरी चौकी तक पहुंचा, जहां महिला ने संबंधित व्यक्ति के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके अगले ही दिन शनिवार सुबह करीब 10 बजे हरि प्रसाद की पत्नी और उसके कई रिश्तेदार महिला के घर पहुंचे।

घर में घुसकर हमला, चप्पलों से पीटा

आरोप है कि आरोपियों ने जबरन महिला के घर में घुसकर उसे बाहर खींचा और मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में महिला के कपड़े फाड़े गए और उसे पीटते हुए गांव की गलियों से होते हुए मुख्य मार्ग और चौराहे तक घुमाया गया। इस दौरान चप्पलों से भी पिटाई की गई। घटना को देख कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने महिला को छुड़ाया, आरोपी हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घायल महिला को इलाज और बयान के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *