मोबाइल टावर बैटरी चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, टावर इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड


कोंडागांव |कोंडागांव पुलिस ने मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 22 हजार रुपये की चोरी की सामग्री और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मामला तब सामने आया जब 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रामकुमार राय ने थाना उरंदाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जनवरी 2026 को ग्राम भोगापाल स्थित जियो मोबाइल टावर से 72 बैटरियां चोरी हो गई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उरंदाबेड़ा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान टावर डाटा डंप एनालिसिस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जियो कंपनी में कार्यरत टेक्नीशियन राघवेन्द्र साहू को संदिग्ध पाया गया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी कृष्णा साहू के साथ मिलकर आसपास के कई टावरों से बैटरियां चुराईं।

पुलिस के अनुसार चोरी की गई बैटरियां समर मोहम्मद, कबाड़ी निवासी रायपुर के माध्यम से आबिद मलिक को राजनांदगांव में बेची गईं। पूछताछ में आबिद मलिक ने स्वीकार किया कि उसने सभी 72 बैटरियां खरीदी थीं, जिनमें से 48 बैटरियों को स्क्रैप कर दिया गया था, जबकि 24 बैटरियां उसके पास सुरक्षित पाई गईं।

पुलिस ने आरोपियों से 24 बैटरियां (कीमत 1.72 लाख रुपये), स्क्रैप की रकम 50 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (कीमत लगभग 11 लाख रुपये) जब्त किया है। कुल जब्ती की राशि 13.22 लाख रुपये आंकी गई है।

चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य जिलों या राज्यों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *