सूने मकान को बनाया निशाना, 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी


इलाज के लिए बाहर गया था परिवार, पुलिस जांच में जुटी

मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर: चिरमिरी शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 22 से 25 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया। यह घटना पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल जीएम कॉम्प्लेक्स कॉलोनी की है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएम कॉम्प्लेक्स की सी-टाइप कॉलोनी में रहने वाले जय सरकार अपने परिवार के साथ 28 जनवरी को इलाज के सिलसिले में बिलासपुर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने खाली मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने क्वार्टर के रोशनदान को तोड़कर घर में प्रवेश किया और लोहे की रॉड से कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।

घर के भीतर घुसने के बाद चोरों ने तीन अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, लगभग 20 हजार रुपये नगद और दो लैपटॉप चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पीछे के दरवाजे से फरार हो गए।

जब पीड़ित परिवार बिलासपुर से लौटकर घर पहुंचा, तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां टूटी हुई थीं और किचन सहित पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

पीड़ित जय सरकार ने कहा,
“चोर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, नगदी और लैपटॉप चोरी कर ले गए हैं। हम चाहते हैं कि पुलिस प्रशासन गंभीरता से जांच करे और चोरों को जल्द से जल्द पकड़े।”

जांच अधिकारी कमलेश पांडे ने बताया कि चोर रोशनदान से घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

घटना के बाद जीएम कॉम्प्लेक्स सहित आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *