वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का हृदयाघात से निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर


रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईपीएस प्रखर पांडेय का आज अपराह्न लगभग 4:15 बजे रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में निधन हो गया। वे हृदयाघात से पीड़ित हो गए थे, जिसके बाद उन्हें भिलाई से तत्काल रायपुर लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

श्री पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी विभाग के पद पर पदस्थ थे। अपने लंबे और समर्पित सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिलों में जिम्मेदार पदों पर कार्य किया। वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले प्रखर पांडेय का यूं असमय जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *