बारगांव में धूमधाम से मनाया गया शहीद वीर नारायण सिंह बलिदान दिवसस्वाभिमान रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन


मुंगेली/सरगांव। छत्तीसगढ़ के प्रथम अमर शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान दिवस ग्राम बारगांव, जिला मुंगेली में आदिवासी समाज द्वारा पूरे श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के ईष्ट देव बुढ़ादेव के सुमिरन से की गई। इसके पश्चात सामाजिक अतिथियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में वीर सपूतों की स्मृति में स्वाभिमान रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक रहे, जिनका स्वागत करमा नृत्य के साथ पारंपरिक ढंग से किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान छत्तीसगढ़ के आत्मगौरव, संघर्ष और स्वाभिमान का अमर प्रतीक है। वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले और गरीबों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह के सम्मान में नया रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एवं संग्रहालय की स्थापना कर उनकी गाथा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का कार्य किया गया है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं सामाजिक जनसेवक सुभाष सिंह परते का भी करमा नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन अंग्रेजी हुकूमत ने रायपुर के जयस्तंभ चौक में वीर नारायण सिंह को फांसी दी थी। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही।

केंद्रीय गोंड महासभा मुंगेली के जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कुमार मरावी ने कहा कि वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने 1857 की क्रांति के दौरान अंग्रेजी शासन के विरुद्ध विद्रोह कर नेतृत्व किया। अकाल के समय उन्होंने गरीबों के लिए व्यापारियों से अनाज लेकर वितरण किया, इसी कारण 10 दिसंबर 1857 को उन्हें रायपुर के जयस्तंभ चौक पर फांसी दी गई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज उनके बलिदान का सदा ऋणी रहेगा और युवाओं को शिक्षा व जागरूकता के माध्यम से प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।

आदिवासी सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा

मुख्य अतिथि धरम लाल कौशिक ने अमर शहीद को नमन करते हुए ग्राम बारगांव में आदिवासी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

केंद्रीय गोंड महासभा मुंगेली जिला सचिव जिगेश्वर सिंह ध्रुव ने बताया कि शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान दिवस पूरे आदिवासी समाज द्वारा एकजुट होकर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य संजीव नेताम, सर्व आदिवासी समाज बिलासपुर के जिला अध्यक्ष शिव नारायण चेचाम, मावली महासभा के कोषाध्यक्ष दौलत कुंजाम, सर्व आदिवासी समाज मुंगेली के जिला अध्यक्ष मालिक मंडल ध्रुव, युवा प्रभाग जिला अध्यक्ष गेंदराम नेताम सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, मातृशक्ति, पितृशक्ति एवं युवाशक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन तिरु. शैलेन्द्र ध्रुव (शिक्षक) एवं तिरु. नाथूराम ध्रुव (एबीईओ) पथरिया द्वारा किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *