किसानों से मानक से 500–600 ग्राम अधिक धान लेने का आरोप, प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी
सक्ती। सक्ती जिले के ओडेकेरा स्थित धान खरीदी केंद्र में धान तौल को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि शासन द्वारा निर्धारित मानक 40 किलो 600 ग्राम प्रति बोरी के बजाय खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा 41 किलो 300 ग्राम तक धान लिया जा रहा है। इस तरह प्रति बोरी 500 से 600 ग्राम अतिरिक्त धान की वसूली की जा रही है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि यह उनकी मेहनत की कमाई पर सीधा डाका है। एक ओर शासन पारदर्शी और किसानहितैषी धान खरीदी का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर खरीदी केंद्र स्तर पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
नाम न छापने की शर्त पर एक किसान ने बताया कि यदि निर्धारित मात्रा से अधिक धान देने से इनकार किया जाता है, तो खरीदी प्रभारी द्वारा यह कहकर धान वापस कर देने की धमकी दी जाती है कि “धान साफ नहीं है।” मजबूरी में किसान अतिरिक्त धान देने को विवश हैं, क्योंकि धान लौटने की स्थिति में उन्हें दोबारा परिवहन, समय और खर्च का नुकसान उठाना पड़ता है।
गौरतलब है कि सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों से केवल शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही धान की तौल की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद ओडेकेरा धान खरीदी केंद्र में इस तरह की शिकायतें सामने आना प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है, ताकि किसानों को न्याय मिल सके।
रिपोर्टर : तुलाराम जांजगीर

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

