नवा रायपुर में मेडिसिटी विकास को बड़ी रफ्तार, ₹680 करोड़ से बनेगा 300 बिस्तरों का बॉम्बे हॉस्पिटल


रायपुर, 22 जनवरी 2026:
नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के बीच 15 एकड़ भूमि के लीज एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए।

राज्य सरकार द्वारा 24 सितंबर 2025 को निवेश आमंत्रण जारी किए जाने के बाद महज चार माह के भीतर भूमि चिन्हांकन, सभी आवश्यक स्वीकृतियां और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जिसे तेज़ और भरोसेमंद प्रशासन का उदाहरण माना जा रहा है। यह समझौता नवा रायपुर में प्रस्तावित मेडिसिटी परियोजना को नई गति देगा।

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आवंटित 15 एकड़ भूमि पर बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट लगभग ₹680 करोड़ की लागत से 300 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक मल्टी सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करेगा। यह बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट का देश में चौथा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल होगा। इससे पहले मुंबई, इंदौर और जयपुर में ट्रस्ट के अस्पताल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

इस अस्पताल में कार्डियक साइंसेज, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर और ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों के मरीजों को गंभीर इलाज के लिए बड़े महानगरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जिनमें डॉक्टर, सर्जन, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल टेक्नीशियन शामिल होंगे। साथ ही हेल्थकेयर सप्लाई चेन और सहयोगी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर में मेडिसिटी का सपना साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है। इससे प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का नवा रायपुर में निवेश करना छत्तीसगढ़ की नीतिगत स्थिरता, तेज़ निर्णय क्षमता और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर भरोसे का प्रमाण है। यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्वास्थ्य जैसे रणनीतिक क्षेत्रों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री चंदन कुमार, बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री भरत तापड़िया सहित शासन और ट्रस्ट के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *