जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग: युवती हत्याकांड सुलझा, प्रेमी ने की थी कीचड़ में मुँह दबाकर हत्या


जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़:
थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पीपरा में 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की थी। आरोपी ने कथित तौर पर युवती का मुँह कीचड़ में दबाकर उसकी जान ले ली।

पुलिस ने आरोपी को कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब सुबह खेत के बीच कीचड़ में युवती का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई थी।

जानकारी के अनुसार, युवती को सुबह करीब 4 बजे घर से निकलते हुए देखा गया था। कुछ ही समय बाद उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतका की पहचान पूजा महंत, पिता विशंभर दास, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पीपरा, थाना नवागढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया और शव को कीचड़ में छोड़कर फरार हो गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *