पुराने पैसों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग | दुर्ग जिले में पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, थाना सुपेला से 25 जनवरी 2026 को मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मृतक के पिता सहित गवाहों के कथन दर्ज किए गए।

जांच में सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट, दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट एवं स्पर्श अस्पताल की डेथ समरी के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026, धारा 103 एवं 3(5) बीएनएस के तहत थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में मामला दर्ज किया है।

प्रकरण में मुख्य आरोपी प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *