मीडिया से रूबरू हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह


बोले— साइबर अपराध पर सख्ती, अवैध धंधों पर जीरो टॉलरेंस

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस को नया नेतृत्व मिलने के बाद जिले की पुलिसिंग को लेकर स्पष्ट दिशा और प्राथमिकताएं सामने आई हैं। नव पदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मंगलवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट एवं परिचयात्मक बैठक कर अपने विजन को साझा किया।

बैठक के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने सेवाकाल की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1997 में डीएसपी चयन के बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों और बटालियन में सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, जिसे रायगढ़ पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएगी।

एसएसपी ने कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे पुलिस जनता की सेवा का भरोसेमंद माध्यम बन सके।

उन्होंने साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए रायगढ़ जिले को नया साइबर पुलिस थाना मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस यह थाना साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन अपराधों के पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध जुआ, सट्टा और अवैध शराब कारोबार जैसी सामाजिक बुराइयों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने मीडिया और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करेगी।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस, समाज और मीडिया के संयुक्त प्रयासों से ही सुरक्षित और अपराध-मुक्त रायगढ़ का निर्माण संभव है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांतो बनर्जी सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *