बिलासपुर, छत्तीसगढ़ |छत्तीसगढ़ के सराफा कारोबार के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब बिलासपुर में आयोजित ‘सराफा महासम्मेलन 2026’ में प्रदेशभर से हजारों सराफा व्यापारी, स्वर्णकार और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन द्वारा रामदेव लॉन, मंगला में आयोजित इस भव्य सम्मेलन का आयोजन “2 साल बेमिसाल, तीसरा साल बनेगा नई मिसाल” की थीम पर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री अरुण साव, उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार बांधी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सराफा उद्योग से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बिलासपुर में भी बनेगा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क?
सम्मेलन को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने राज्य सरकार द्वारा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के लिए भूमि आवंटित किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने मांग की कि इस परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए और बिलासपुर में भी एक जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क स्थापित किया जाए, जिससे स्थानीय उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
इस पर उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से आश्वासन दिया कि बिलासपुर जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से संबंधित प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।
‘स्वर्णकला बोर्ड’ के गठन की उठी जोरदार मांग
सम्मेलन में स्थानीय कारीगरों, पारंपरिक स्वर्णकारी कला और सराफा व्यापार के संरक्षण के लिए ‘स्वर्णकला बोर्ड’ के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों का कहना था कि इससे पारंपरिक कारीगरों को नई पहचान और बेहतर अवसर मिलेंगे।
धारा 317 BNS को लेकर व्यापारियों को राहत का भरोसा
कार्यक्रम के दौरान धारा 317 BNS (पूर्व धारा 411 IPC) के कथित दुरुपयोग और उससे सराफा व्यापारियों को होने वाली परेशानियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे आज ही संबंधित विभाग से इस विषय पर चर्चा करेंगे, ताकि नियमों को सरल बनाया जा सके और ईमानदार व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
BIS और GST अधिकारियों ने दी नई जानकारी
सम्मेलन के दौरान BIS (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स) और GST विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा एक विशेष वर्कशॉप आयोजित की गई। इसमें हॉलमार्किंग, GST नियमों और नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा व्यापारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
वरिष्ठ व्यापारियों और जिला इकाइयों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में संस्थापक सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रदेश की सभी जिला सराफा इकाइयों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने विकास का दिया भरोसा
कार्यक्रम के समापन सत्र में पहुंचे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश के व्यापारियों को एक मंच पर लाने का सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर के विकास के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग करेगी और सराफा उद्योग की प्रगति के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रक्तदान शिविर में जुटीं 50 से अधिक यूनिट रक्त
सम्मेलन के दौरान साईं ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान 50 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
सफल आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में जिला बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कल्याण सिंह, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष आलोक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय तथा प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी सहित पूरी प्रांतीय टीम और विभिन्न जिला इकाइयों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
‘सराफा महासम्मेलन 2026’ का समापन व्यापारियों की एकजुटता, उद्योग के आधुनिकीकरण, सरकारी सहयोग और पारंपरिक स्वर्णकारी कला के संरक्षण के मजबूत संकल्प के साथ हुआ।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com
