बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में पिछले चार दशकों से जारी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई अब अपने अंतिम चरण में पहुंचती दिख रही है। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने दावा किया है कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कब्जे वाले क्षेत्र का लगभग 90 से 95 प्रतिशत इलाका खाली करा लिया है, जो अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है।
आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक, बस्तर संभाग के करीब 42 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले नक्सली प्रभाव वाले इलाकों में लगातार अभियान चलाकर सुरक्षाबलों ने मजबूत पकड़ बनाई है। नक्सलियों के कोर एरिया में नए-नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे उनका प्रभाव लगातार सिमटता जा रहा है।
2024-25 में एंटी नक्सल ऑपरेशन को बड़ी कामयाबी
आईजी ने बताया कि साल 2024-25 में एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत कई बड़े माओवादी कैडर को मार गिराया गया है। इसके अलावा सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि कई को गिरफ्तार भी किया गया है। इससे संगठन की कमर टूटती नजर आ रही है।
बचे हुए इलाकों पर भी फोकस
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि अभी भी कुछ सीमित क्षेत्र नक्सलियों के कब्जे में हैं, लेकिन उन इलाकों को खाली कराना भी प्राथमिकता में है।
उन्होंने कहा,
“42,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में से लगभग 95 प्रतिशत इलाका नक्सलियों से मुक्त कराया जा चुका है। बचे हुए इलाकों में भी अभियान तेज़ है और जल्द ही वहां से भी नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।”
मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य
आईजी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य मार्च 2026 तक नक्सल गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना है। सुरक्षाबल पूरी दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के साथ इस लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।
नक्सलियों को सख्त चेतावनी
आईजी सुंदरराज पी ने बचे हुए नक्सली कैडर को साफ संदेश देते हुए कहा कि अब उनके पास सिर्फ दो ही रास्ते हैं—
या तो वे सरेंडर कर मुख्यधारा में शामिल हों,
या फिर सुरक्षाबलों की कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में जो नतीजे सामने आए हैं, वे यह साबित करते हैं कि फोर्स अब किसी भी हाल में नक्सलवाद को बर्दाश्त नहीं करेगी।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

