बिलासपुर पुलिस रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड प्रणाली का शुभारंभ, अब आमजन सीधे दे सकेंगे फीडबैक


बिलासपुर |पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस रेंज ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘अनुभव’ क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की है। इस नवाचार की परिकल्पना पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने की है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अब पुलिस थानों और कार्यालयों से जुड़े अपने अनुभव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।

इस प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। वहीं, बिलासपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी आठ जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।

‘अनुभव’ प्रणाली के अंतर्गत रेंज के सभी पुलिस थानों एवं प्रमुख पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं। नागरिक अपने मोबाइल फोन से इन क्यूआर कोड को स्कैन कर एक सरल गूगल फॉर्म के माध्यम से पुलिस से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा कर सकते हैं। यह फीडबैक सबमिट होते ही सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज हो जाएगा। फीडबैक देने वाले व्यक्ति के लिए अपनी पहचान और मोबाइल नंबर साझा करना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस का तकनीकी रूप से सक्षम होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ‘अनुभव’ के माध्यम से आमजन सरल डिजिटल प्रक्रिया द्वारा बिना किसी भय के अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकते हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था में सुधार संभव हो सकेगा।

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए वरिष्ठ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंच सकेंगी।

संभाग आयुक्त सुनील जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चूंकि पुलिस जनता की सेवक है, इसलिए उसके कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के फीडबैक के माध्यम से होना चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी थानों में क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं और प्राप्त फीडबैक के आधार पर थानों की कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। अन्य जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों—शशिमोहन सिंह (रायगढ़), भोजराम पटेल (मुंगेली) एवं सिद्धार्थ तिवारी (कोरबा)—ने भी इस पहल को सार्थक बताते हुए इसे बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान ‘अनुभव’ प्रणाली से संबंधित एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें इसके उपयोग और लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रिंट व सोशल मीडिया के पत्रकारों की उपस्थिति रही।

आज से ही यह व्यवस्था बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के सभी थानों में लागू कर दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की है कि वे इस प्रणाली का सदुपयोग करें, अपने अच्छे और बुरे दोनों अनुभव निर्भय होकर साझा करें और पुलिस व्यवस्था में सुधार के सहभागी बनें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *