महासमुंद |ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने गांजा तस्करी के विरुद्ध 24 घंटे के भीतर तीन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों को अंजाम देकर अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। पुलिस ने केवल 6 घंटे के भीतर थोक बिक्रीकर्ता से लेकर खरीददार तक पूरे नेटवर्क को पकड़ने में सफलता हासिल की।
थाना सिंघोड़ा, कोमाखान और बागबाहरा में दर्ज तीन प्रकरणों में कुल 132.5 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 66 लाख 25 हजार रुपये) जब्त किया गया। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त 6 कारें (कीमत लगभग 55 लाख रुपये) जब्त कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के 5, महाराष्ट्र के 4 और ओडिशा के 2 आरोपी शामिल हैं।
साइबर एनालिटिक्स और अंतरजिला समन्वय से मिली सफलता
इस कार्रवाई में रायपुर, राजनांदगांव और भंडारा जिले की पुलिस के साथ प्रभावी समन्वय रहा। वहीं साइबर थाना के डाटा एनालिटिक्स एवं इंटेलिजेंस डेस्क की तकनीकी जांच ने पूरे नेटवर्क को ट्रेस करने में अहम भूमिका निभाई।
वर्ष 2026 में अब तक महासमुंद जिले में 34 प्रकरणों में कुल 2285 किलो गांजा (कीमत 11 करोड़ 42 लाख 74 हजार रुपये) जब्त किया जा चुका है। इस दौरान 35 वाहन (कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये) जब्त कर 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 69 आरोपी अन्य राज्यों के हैं।
थाना सिंघोड़ा
नेशनल हाईवे-53 पर नाकाबंदी के दौरान दो कारों से 52.5 किलो गांजा जब्त किया गया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार है। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
थाना कोमाखान
नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन से 40 किलो गांजा जब्त किया गया। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 20(बी)(2)(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। प्रकरण में तीन वाहन जब्त किए गए हैं।
थाना बागबाहरा
वाहन चेकिंग के दौरान हुंडई वेरना कार से 40 किलो गांजा बरामद किया गया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

