मुंगेली |सड़क दुर्घटना में पीड़ितों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई कैशलेस उपचार योजना 2025 को लेकर मुंगेली जिले में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई।
कार्यशाला में रायपुर से आए एनआईसी के तकनीकी निदेशक अरविंद यादव एवं एसआरएम नवा रायपुर सारांश सिरके ने iRAD, eDAR एवं TMS जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद इन ऑनलाइन एप्लिकेशनों के माध्यम से पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि कैशलेस उपचार योजना 2025 के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज मिलेगा। इसके लिए दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर अस्पताल को सूचित करना अनिवार्य होगा। इलाज की राशि की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना निधि (Motor Vehicle Accident Fund) से की जाएगी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के तहत दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में पीड़ितों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी असीम माथुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शीला शाहा, जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, जिले में संचालित निजी अस्पतालों के संचालक तथा पुलिस विभाग के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी आएगी और पीड़ितों को समय पर जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

