सक्ती। रिपोर्ट: तुला राम जिले के ग्राम पंचायत तुषार एवं जैजैपुर स्थित आरा मिलों में अर्जुन पेड़ों की बड़े पैमाने पर कथित अवैध कटाई कर भंडारण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार, हजारों ट्रैक्टर लकड़ी काटकर आरा मिलों में लंबे समय से संग्रहित की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध कारोबार बिना विभागीय मिलीभगत के संभव नहीं है। उनका कहना है कि वन विभाग के कुछ अधिकारियों की कथित सांठ-गांठ के चलते खुलेआम पर्यावरणीय नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। अर्जुन जैसे महत्वपूर्ण औषधीय और पर्यावरणीय महत्व वाले पेड़ों की कटाई से क्षेत्र का हरित आवरण तेजी से नष्ट हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, दिन-रात ट्रैक्टरों से लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से आंख मूंदे रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे न केवल शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अर्जुन पेड़ नदियों और जलस्रोतों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं और इनके संरक्षण के लिए शासन द्वारा स्पष्ट नियम बनाए गए हैं। इसके बावजूद इस तरह की अवैध कटाई प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है।
मामले को लेकर जब वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि शिकायतें संज्ञान में आई हैं और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई या जब्ती की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित आरा मिल संचालकों और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और क्या अवैध कटाई में संलिप्त लोगों पर प्रभावी कार्रवाई हो पाती है या नहीं।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

