बिलासपुर लूटकांड का मिर्जापुर में खुलासा, मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार
बिलासपुर में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा मिर्जापुर में हुआ है। मिर्जापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस–बदमाश मुठभेड़ में दो आरोपी घायल भी हुए हैं। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण, नगदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। एसओजी, सर्विलांस, थाना अहरौरा और थाना अदलहाट की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी लूट का माल लेकर कार से वाराणसी की ओर भाग रहे हैं और उनका लोकेशन अहरौरा क्षेत्र में है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सोनवरसा नहर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। इस दौरान CG13V7002 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार दो अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 1.550 किलोग्राम सोने के आभूषण, दो तमंचे (0.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और 46,100 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम लखनिया दरी जंगल क्षेत्र पहुंची, जहां घेराबंदी के दौरान दोनों संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 2.218 किलोग्राम सोने के जेवर, एक देशी पिस्टल (0.32 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस और 1 लाख रुपये नगद बरामद हुए।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3.8 किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण, 1,46,100 रुपये नगद, एक देशी पिस्टल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 17 फरवरी को उन्होंने बिलासपुर के राजकिशोर नगर थाना क्षेत्र में एक कार को टक्कर मारकर चालक को पिस्टल और हथौड़ी से घायल किया था और गाड़ी में रखे आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और अन्य राज्यों में की गई वारदातों की भी पड़ताल जारी है। फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ थाना अहरौरा में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
मिर्जापुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे एक सक्रिय अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

