रायपुर: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के मुक्ताकाशी मंच में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, निर्देशक और अभिनेता डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे।
डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी को टीवी धारावाहिक ‘चाणक्य’ में मुख्य भूमिका निभाने के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने भारत विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विभाजन में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहिए, जिन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और देश के लिए अपने इतिहास को याद रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास को भूल जाता है, वह इतिहास का हिस्सा बनने के बजाय इतिहास की वस्तु बनकर रह जाता है।
‘आने वाली पीढ़ी को भी याद रहना चाहिए’
सीएम साय ने कहा कि विभाजन की त्रासदी का सबसे गहरा असर पंजाबी, सिख, बंगाली और सिंधी समाज सहित बड़ी संख्या में लोगों ने झेला। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लोगों को जिस तरह की पीड़ा और यातनाओं से गुजरना पड़ा, उसका स्मरण आने वाली पीढ़ियों और पूरे देश को रहना चाहिए।
उन्होंने कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी का स्वागत करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी पर उन्होंने महत्वपूर्ण काम किया है और आज उनके माध्यम से लोगों को इस इतिहास को समझने का अवसर मिला है।
‘पिंजर’ के जरिए विभाजन की त्रासदी को दिखाया
मुख्यमंत्री ने डॉ. चंद्र प्रकाश द्विवेदी के फिल्मी योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी पर आधारित फिल्म ‘पिंजर’ के माध्यम से भी उस दौर की पीड़ा और सामाजिक परिस्थितियों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के समय लोगों को भारी यातनाएं झेलनी पड़ीं। बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए और अपने घर-परिवार छोड़ने को मजबूर हुए।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति और मुस्लिम लीग को खुश करने की नीति के कारण देश का विभाजन हुआ।
उन्होंने विभाजन के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में महिलाओं के साथ अत्याचार हुए और बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास की घटना मानकर भूलना नहीं चाहिए।
बंगाली समाज के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में बसे बंगाली समाज के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि रायगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में बंगाली परिवार रहते हैं।
सीएम साय ने बताया कि धर्मजयगढ़ क्षेत्र में बंगाली समाज के लोगों को सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी जमीन बंजर हुआ करती थी, वहां लोगों ने अपनी मेहनत से खेती को विकसित किया और आज वहां तीन फसलें तक ली जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन की पीड़ा झेलकर छत्तीसगढ़ पहुंचे लोगों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत करते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com
