श्री सीमेंट खनन परियोजना की जनसुनवाई स्थगितलगातार विरोध और बढ़ते तनाव के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

खैरागढ़। सण्डी, पण्डरिया, बुंदेली, विचारपुर और छुईंखदान क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट लिमिटेड की सण्डी लाइमस्टोन खनन परियोजना को लेकर 11 दिसंबर को निर्धारित जनसुनवाई को जिला प्रशासन ने स्थगित कर दिया है। यह जनसुनवाई बुंदेली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित होनी थी। कलेक्टर ने “अपरिहार्य कारणों” का हवाला देते हुए कहा कि नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।


404 हेक्टेयर क्षेत्र की परियोजना, भारी मशीनरी लगाने का प्रस्ताव

प्रस्तावित परियोजना के तहत 404 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.64 MTPA चूना पत्थर उत्खनन, अपशिष्ट प्रबंधन और टॉप सॉइल हटाने की योजना है। साथ ही 1200 TPH प्राइमरी और 400 TPH सेकेंडरी क्रशर लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार ठाकुर करने वाले थे।


40 से अधिक गांवों का विरोध, हालात गरमाए

पिछले कुछ दिनों से इस खनन परियोजना को लेकर क्षेत्र में विरोध तेज हो गया था। किसानों और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि खनन से खेती-बाड़ी, जलस्रोत और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।
छुईखदान एसडीएम कार्यालय पर शांतिपूर्ण रैली के दौरान हुई हल्की झड़प और पुलिस लाठीचार्ज के बाद तनाव और बढ़ गया था, जिसके बाद प्रशासन पर जनसुनवाई को स्थगित करने का दबाव लगातार बढ़ रहा था।


किसानों ने कहा—‘पहला कदम, लड़ाई जारी’

जनसुनवाई स्थगित होने के फैसले का किसान संगठनों ने स्वागत किया है। किसान नेताओं ने इसे अपनी “आंशिक जीत” बताया और आरोप लगाया कि कंपनी ग्रामीणों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि उनकी लड़ाई जमीन और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए है और परियोजना पूरी तरह वापस होने तक विरोध जारी रहेगा

फिलहाल जनसुनवाई टलने से क्षेत्र में तनाव कुछ कम हुआ है, लेकिन विवाद जस का तस बना हुआ है। प्रशासन द्वारा नई तारीख की घोषणा इस पूरे मामले की अगली दिशा तय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *