एसईसीएल मुख्यालय में ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव–2025’ का भव्य आगाज


महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व का सशक्त उदाहरण बना आयोजन

बिलासपुर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय, बिलासपुर में आज ‘एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव–2025’ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन द्वारा किया गया। यह दो दिवसीय खेल महोत्सव 13 एवं 14 दिसंबर 2025 को वसंत विहार खेल मैदान, एसईसीएल मुख्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है।

उद्घाटन अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड की किसी भी सहायक कंपनी में संभवतः पहली बार इस प्रकार का ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है, जो एसईसीएल की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एसईसीएल की नारी शक्ति के उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास का उत्सव है। गृहणियों और कार्यरत महिलाओं को एक साझा मंच पर लाने का यह प्रयास आपसी सहयोग, टीम भावना और संगठनात्मक एकजुटता को और अधिक मजबूत करेगा।

इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनिता जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों का पारंपरिक रूप से शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन श्रीमती सुजाता रानी, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना), एसईसीएल मुख्यालय द्वारा प्रस्तुत किया गया।

खेल महोत्सव की शुरुआत में चार समूह—पर्पल, ब्लू, ग्रीन एवं रेड—के प्रतिभागियों का अतिथियों से परिचय कराया गया। इस दौरान श्रीमती शशि दुहन ने स्वयं ‘पिट्टू’ खेल में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे उपस्थित महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस खेल महोत्सव में 50 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, 4×50 मीटर रिले, बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस जैसे प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के साथ-साथ मटका रेस, जलेबी रेस, तीन टांग दौड़ एवं नींबू दौड़ जैसे मनोरंजक खेल भी शामिल किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि एसईसीएल में महिला सशक्तिकरण को लेकर लगातार सकारात्मक पहलें की जा रही हैं। इसी वर्ष कोल इंडिया की पहली महिला डिस्पेंसरी की शुरुआत भी एसईसीएल में की गई है। श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित यह खेल महोत्सव सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसी प्रकार के नारी शक्ति खेल महोत्सव एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका भव्य फाइनल आगामी दिनों में एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जहाँ सभी क्षेत्रों की विजेता टीमें भाग लेंगी।

मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह 14 दिसंबर को अपराह्न में होगा, जिसमें एसईसीएल के सीएमडी श्री हरीश दुहन एवं निदेशक मंडल द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *