अक्षय खन्ना के स्कूल दिनों को लेकर चौंकाने वाला दावा, कथित क्लासमेट ने बताया- तब भी रहते थे बेहद शांत और उदास


बॉलीवुड के मंझे हुए अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फिल्म में रहमान डकैत के किरदार में उनके दमदार अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों, दोनों का दिल जीत लिया है। इसके साथ ही उनके अरेबियन सॉन्ग ‘F9LA’ पर किए गए डांस ने भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है।

इसी बीच अक्षय खन्ना की निजी जिंदगी और उनके स्वभाव को लेकर एक नया दावा सामने आया है। इंस्टाग्राम यूजर सायरा शाह हलीम ने खुद को अभिनेता की कथित स्कूलमेट बताते हुए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अक्षय खन्ना के स्कूल के दिनों को याद करते हुए कई बातें लिखी हैं।

सायरा के मुताबिक, अक्षय खन्ना बचपन से ही बेहद शांत और उदास मिजाज के थे। उन्होंने दावा किया कि स्कूल के दिनों में भी वह अक्सर मायूस नजर आते थे, मानो किसी गहरे दर्द से गुजर रहे हों। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि उस समय अक्षय की सौतेली मां स्कूल में उनसे मिलने आया करती थीं, लेकिन इसके बावजूद अभिनेता अपने में ही गुम रहते थे।

सायरा शाह हलीम का कहना है कि सालों बाद भी अक्षय खन्ना के स्वभाव में ज्यादा बदलाव नहीं आया है और वह आज भी पहले की तरह ही शांत और अंतर्मुखी नजर आते हैं। हालांकि, इस दावे पर अक्षय खन्ना या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि अक्षय खन्ना हमेशा से ही अपनी पर्सनल लाइफ को लाइमलाइट से दूर रखते आए हैं। कम बोलना, इंटरव्यू से दूरी और अपने काम पर फोकस करना उनकी पहचान रही है। ऐसे में उनकी कथित स्कूलमेट का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और फैंस उनके जीवन से जुड़े अनसुने पहलुओं को लेकर कयास लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *