दुर्ग पुलिस के आरक्षक के परिजनों को मिला पुलिस सैलरी पैकेज का लाभ, एसबीआई ने दी 1 करोड़ रुपये की सहायता

दुर्ग। दुर्ग जिले में पदस्थ आरक्षक के परिवार को पुलिस

सैलरी पैकेज (पीएसपी) के अंतर्गत बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। तालाब में डूबने से असामयिक रूप से मृत आरक्षक विक्रम सिंह की माता को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 1 करोड़ रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।

जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 776 विक्रम सिंह, जिला पुलिस बल दुर्ग में कार्यरत थे। उनका दिनांक 4 मई 2025 को एक दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। पुलिस विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य किए गए पुलिस सैलरी पैकेज (पीएसपी) के अंतर्गत सकल बीमा कवरेज (एमओयू) के प्रावधानों के अनुसार, दुर्घटना में पुलिस कर्मी की मृत्यु होने पर बीमा राशि का भुगतान किया जाता है।

इसी क्रम में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री रूपक मंडल (सेक्टर-01, भिलाई) तथा एसबीआई शाखा आदर्श नगर, जिला दुर्ग की शाखा प्रबंधक श्रीमती विनिता कोसरिया की उपस्थिति में स्वर्गीय आरक्षक विक्रम सिंह की नामिनी माता श्रीमती सरोज ठाकुर को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत दुर्घटना के कारण मृत्यु, स्थायी पूर्ण विकलांगता अथवा स्थायी आंशिक विकलांगता की स्थिति में अलग-अलग निर्धारित सहायता राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इस सहायता से दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों को आर्थिक संबल मिलता है।

इस अवसर पर पुलिस विभाग एवं बैंक प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से इस योजना को पुलिस परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *