जांजगीर-चांपा में लूट व जानलेवा हमलों का कहर: 13 घायल, एक कोमा में, 9 आरोपी गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में घायल


जांजगीर-चांपा: जिले के थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात को हुई लूटपाट और गंभीर मारपीट की घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। इन घटनाओं में कुल 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। एक घायल युवक कोमा में है और बिलासपुर व रायपुर के अस्पतालों में इलाज जारी है।

पुलिस ने इन वारदातों को अंजाम देने वाले खतरनाक और संगठित गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि नौवें आरोपी की घेराबंदी के दौरान, उसके द्वारा देशी कट्टे से फायरिंग करने पर पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के बाद हिरासत में ले लिया गया है।

कई जगहों पर एक के बाद एक वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनसान और अंधेरे रास्तों को निशाना बनाकर मोटरसाइकिलों से घूमते हुए एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया।

29 जनवरी को थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा में नहर पार कच्चे रास्ते पर आरोपियों ने तीन अलग-अलग घटनाओं में राह चलते लोगों को रोका, गाली-गलौच की और लोहे की रॉड व डंडों से सिर पर जानलेवा हमले किए। इस दौरान मोबाइल फोन और नकदी लूटकर आरोपी फरार हो गए।
इन हमलों में मुकेश राय सागर और अमन बंजारे गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

वहीं 27 जनवरी को थाना पामगढ़ क्षेत्र में ग्राम मुडपार-भदरा, ग्राम मेउ और चेऊडीह में आरोपियों ने कई लोगों को रोककर लोहे के पाइप, रॉड और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की और मोबाइल व नकदी लूट ली।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त:

  • लोहे की रॉड, पाइप और डंडे
  • बेल्ट
  • मोटरसाइकिल और स्कूटी
  • मोबाइल फोन और नगदी

सहित करीब ₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं।

अपराध का तरीका: सिर पर सीधा हमला

पुलिस के अनुसार, गिरोह का अपराध करने का तरीका बेहद क्रूर और सुनियोजित था। आरोपी राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर प्राणघातक वार करते थे, जिससे जान से मारने का प्रयास किया जाता था। इसके बाद मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। उनका उद्देश्य लगातार हमले कर क्षेत्र में दहशत फैलाना था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त और आक्रामक कार्रवाई जारी रहेगी


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *