संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद, जांच में जुटी पुलिस


रायपुर :- राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र स्थित अशोका मिलेनियम प्लाजा में संचालित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में की गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री संदीप पटेल के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध सामग्री हो सकती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान कार्यालय से तीन सफेद बोरों में भरे बड़ी मात्रा में नगद रुपये बरामद किए गए।

बरामद राशि में शामिल हैं:

  • 20 रुपये के नोटों की 400 गड्डी
  • 10 रुपये के नोटों की 800 गड्डी

कुल मिलाकर बरामद नगदी की राशि 16,00,000 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने इस मामले में धारा 106 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। साथ ही, पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गई है ताकि वित्तीय पहलुओं की गहन जांच की जा सके।

फिलहाल पुलिस बरामद नगदी के वास्तविक मालिक का पता लगाने और इसके स्रोत की जांच में जुटी हुई है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *