मुंगेली, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ जारी है। शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले की 66 समितियों के अंतर्गत संचालित 105 खरीदी केंद्रों में पंजीकृत 1 लाख 10 हजार किसानों से धान की खरीदी की जा रही है।
अब तक जिले में कुल 17 लाख 94 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें मोटा धान 10 लाख 18 हजार 713 क्विंटल, पतला धान 135 क्विंटल तथा सरना धान 7 लाख 75 हजार 246 क्विंटल शामिल है। साथ ही खरीदी केंद्रों से धान का उठाव कार्य भी निरंतर जारी है, जिसके अंतर्गत अब तक 3 लाख 80 हजार क्विंटल से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है।
किसानों को त्वरित एवं आसान भुगतान सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। धान खरीदी के तीन दिनों के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जा रहा है। अब तक 39 हजार 985 किसानों को 426 करोड़ 61 लाख रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिले के 10 सहकारी बैंकों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 2 हजार किसानों को 7 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा रहा है।
इसके अलावा सभी 66 समितियों में माइक्रो एटीएम के माध्यम से प्रतिदिन 20 हजार रुपए तक नगद भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आसान लेन-देन के लिए जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को एटीएम कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं तथा चेक बुक का वितरण भी किया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले की सीमाओं और चेक पोस्टों पर 24 घंटे सख्त निगरानी की जा रही है। संदिग्ध वाहनों की जांच, रात्रिकालीन गश्त तथा आंतरिक चेक पोस्टों पर तैनात टीमों द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान खपाने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।

Patrika Mungeli is a digital news platform delivering verified, reliable, and timely information across Politics, Society, Youth Affairs, Sports, and Entertainment. Headquartered in Bilaspur, Chhattisgarh, the platform is committed to ethical journalism and factual reporting.
Owned and led by Gautam Kulmitra, Patrika Mungeli continues to strengthen its role as a trusted source of news for its regional and digital audiences.
🌐 www.patrikamungeli.com

