युक्तधारा पोर्टल से बनेगी मनरेगा की वैज्ञानिक कार्ययोजना
367 ग्राम पंचायतों में जीआईएस आधारित प्लानिंग, जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता


मुंगेली महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस एवं सैटेलाइट आधारित वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस पहल से जिले का लेबर बजट निर्धारित होगा, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ मनरेगा कार्यों के चयन, क्रियान्वयन एवं निगरानी में पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित होगी।

केंद्रीय भूजल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर जिले के सभी विकासखंडों में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। योजना के अंतर्गत तालाब, डबरी, जलग्रहण क्षेत्र, सिंचाई संरचनाएं तथा अन्य जल संसाधन आधारित कार्यों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जा रहा है। जिले की कुल 367 ग्राम पंचायतों में से अब तक 180 ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना युक्तधारा पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है, जबकि शेष पंचायतों में योजना निर्माण और अपलोड की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। इस संबंध में जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन भी किया गया।

जीआईएस व क्लार्ट मैप से हुआ वैज्ञानिक चयन
युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस एवं क्लार्ट मैप आधारित आंकड़ों का उपयोग कर गांवों के प्राकृतिक संसाधन, जल संरचनाएं, कृषि भूमि, नालियां, सड़कें, तालाब एवं अन्य परिसंपत्तियों की डिजिटल मैपिंग की गई है। इसके आधार पर पंचायतों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का चयन किया गया। सभी 367 ग्राम पंचायतों में ग्राउंड-ट्रुथिंग पूर्ण कर ली गई है तथा ग्राम सभाओं से कार्ययोजनाओं का अनुमोदन भी प्राप्त हो चुका है। अनुमोदित योजनाओं को क्रमबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

पारदर्शिता, रोजगार और टिकाऊ विकास को बढ़ावा
जीआईएस आधारित योजना से मनरेगा के अंतर्गत कार्यों के चयन, क्रियान्वयन एवं निगरानी में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, कृषि उत्पादकता में सुधार होगा और दीर्घकालीन एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण संभव हो सकेगा।

लोरमी, मुंगेली और पथरिया में प्रभावी क्रियान्वयन
लोरमी, मुंगेली और पथरिया जनपद पंचायतों में यह प्रणाली प्रभावी रूप से लागू की गई है। मैदानी अमले एवं अधिकारियों को युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से जीआईएस व क्लार्ट मैप आधारित डेटा के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे योजनाओं का चयन अधिक सटीक और परिणामोन्मुख हो रहा है।

जल संरक्षण व रोजगार सृजन पर विशेष जोर
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि युक्तधारा पोर्टल से तैयार की जा रही कार्ययोजनाएं वैज्ञानिक, तथ्यपरक और दीर्घकालीन विकास की मजबूत आधारशिला हैं। इससे ग्राम पंचायतों में संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। योजनाओं में जल संरक्षण, जल संवर्धन, सिंचाई सुविधाएं, कृषि सहायक गतिविधियां तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को भी मजबूती मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *